Friday, 27 November 2026
Crime
अमृतसर में दिल दहला देने वाली वारदात: मां की गोली मारकर हत्या, बेटे ने भी की आत्महत्या
अमृतसर में दिल दहला देने वाली वारदात: मां की गोली मारकर हत्या, बेटे ने भी की आत्महत्या
अमृतसर (Vikas Moudgil): अमृतसर में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पहले अपनी मां और घर में मौजूद दो कुत्तों को गोली मार दी। इसके बाद उसने घर के पास स्थित एक खाली प्लॉट में जाकर खुद को भी गोली मार ली। घटना में मां और बेटे दोनों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कैंटोनमेंट की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पांच साल पहले इंग्लैंड से लौटा था हरप्रीत सिंह
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो करीब पांच साल पहले इंग्लैंड से भारत लौटा था। वह अपनी मां भूपिंद्र कौर के साथ रह रहा था।
बताया जा रहा है कि पारिवारिक जीवन में चल रहे विवादों के चलते वह परेशान था। करीब डेढ़ महीने पहले उसका पत्नी से तलाक हुआ था। पुलिस के अनुसार, वह नशे की लत से भी जूझ रहा था।
लाइसेंसी पिस्तौल से वारदात को दिया अंजाम
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हरप्रीत सिंह ने अपनी मां के नाम पर जारी लाइसेंसी पिस्तौल का इस्तेमाल करते हुए पहले घर में मौजूद दो कुत्तों को गोली मारी और फिर अपनी मां भूपिंद्र कौर की हत्या कर दी। इसके बाद उसने घर के नजदीक खाली प्लॉट में जाकर खुद को गोली मार ली।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे के वास्तविक कारणों, हथियार के इस्तेमाल और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।