Monday, 16 November 2026
World
चंडीगढ़: पार्किंग में खड़ी स्कोडा कार को लगी आग, पास खड़ी हुंडई भी आई चपेट में; CCTV में लाठी लेकर आया बच्चा आग लगाकर भागता दिखा
चंडीगढ़: पार्किंग में खड़ी स्कोडा कार को लगी आग, पास खड़ी हुंडई भी आई चपेट में; CCTV में लाठी लेकर आया बच्चा आग लगाकर भागता दिखा
चंडीगढ़। सेक्टर-25 की पार्किंग में रविवार दोपहर एक स्कोडा कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी हुंडई कार भी इसकी चपेट में आ गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में स्कोडा कार का इंजन पूरी तरह जल गया, जबकि हुंडई कार को भी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस द्वारा पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने पर एक बच्चा हाथ में लाठी लेकर पार्किंग में आता दिखाई दिया। फुटेज के अनुसार, बच्चा कुछ देर तक पार्किंग में इधर-उधर घूमता रहा। इसके बाद वह स्कोडा कार के पास पहुंचा और नीचे पड़े कागज इकट्ठे कर उनमें आग लगा दी। आग लगाने के बाद बच्चा मौके से फरार हो गया। सेक्टर-11 थाना पुलिस बच्चे की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
छह महीने पहले ही खरीदी थी स्कोडा कार
स्कोडा कार की मालकिन सुनीता ने बताया कि उन्होंने करीब छह महीने पहले ही यह कार खरीदी थी। शनिवार शाम को उन्होंने गाड़ी घर के पास स्थित पार्किंग में खड़ी की थी। रविवार सुबह जब वह पार्किंग में पहुंचीं तो उस समय सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद उन्हें कार में आग लगने की सूचना मिली।
सुनीता ने आशंका जताई कि किसी ने जानबूझकर कार के पास पड़े कूड़े में आग लगाई होगी, जिसकी लपटों से उनकी कार और पास खड़ी दूसरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई।
हुंडई कार भी हाल ही में खरीदी गई थी
वहीं, हुंडई कार के मालिक उत्सव ने बताया कि उन्होंने भी यह गाड़ी हाल ही में खरीदी थी। गाड़ी के नाम ट्रांसफर करवाने के लिए उसके दस्तावेज रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी में जमा करवाए गए हैं, लेकिन अभी तक वाहन का स्वामित्व ट्रांसफर नहीं हुआ है। फिलहाल गाड़ी पुराने मालिक के नाम पर ही पंजीकृत है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बच्चे ने कार के पास कागजों में आग किस वजह से लगाई और इस घटना के पीछे उसकी क्या मंशा थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्चे की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।