Monday, 16 November 2026
Crime
जालंधर-अमृतसर हाईवे पर अखबार बांट रहे हॉकर से लूट की कोशिश, नकाबपोश तीन बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर छीना पर्स; नकली पिस्टल छोड़कर फरार
जालंधर-अमृतसर हाईवे पर अखबार बांट रहे हॉकर से लूट की कोशिश, नकाबपोश तीन बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर छीना पर्स; नकली पिस्टल छोड़कर फरार
जालंधर। जालंधर-अमृतसर हाईवे पर बल अस्पताल से कुछ दूरी पर गदईपुर जाने वाली नहर के पास रविवार सुबह लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। यहां अखबार बांट रहे एक हॉकर को तीन नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर लूट लिया और उसका पर्स छीनकर फरार होने लगे। हॉकर के शोर मचाने पर आसपास झुग्गियों में रहने वाले लोग इकट्ठा हो गए। लोगों को आता देख तीनों बदमाश घबराकर मौके पर अपनी पिस्टल छोड़कर फरार हो गए। बाद में पता चला कि बदमाशों की पिस्टल नकली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी देते हुए सुब्रतो हाजरा पुत्र अनिल हाजरा निवासी गुरु अमरदास नगर, कालिया कॉलोनी ने बताया कि वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। रविवार सुबह करीब 6 बजे वह अखबार बांटने के लिए मोटरसाइकिल पर गदईपुर नहर के साथ वाली सड़क से बाईपास की तरफ जा रहे थे।
इसी दौरान सामने बाईपास की तरफ से आए तीन नकाबपोश युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। इसके बाद दो बदमाश तुरंत नीचे उतरे और पिस्टल दिखाकर उनका पर्स छीन लिया।
शोर मचाने पर मौके पर जुटे लोग
सुब्रतो हाजरा ने बताया कि उन्होंने बदमाशों का विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर सामने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोग भी बाहर आ गए। लोगों को इकट्ठा होते देख तीनों बदमाश घबरा गए और मौके से फरार हो गए।
हॉकर के मुताबिक, गनीमत रही कि उनका मोबाइल फोन और कुछ अन्य नकदी सुरक्षित बच गई, लेकिन पर्स में रखे जरूरी दस्तावेज और करीब 2 हजार रुपये बदमाश छीनकर ले गए।
मौके पर मिली नकली पिस्टल
वारदात के कुछ समय बाद सुब्रतो हाजरा दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्हें उम्मीद थी कि शायद बदमाश उनका पर्स आसपास कहीं फेंक गए हों, लेकिन वहां उन्हें बदमाशों की छोड़ी हुई पिस्टल मिली। जांच करने पर पता चला कि वह असली नहीं बल्कि नकली पिस्टल थी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नकली पिस्टल को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
पहले भी हो चुकी है लूट की कोशिश
पीड़ित हॉकर सुब्रतो हाजरा ने बताया कि उनके साथ इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। करीब 3-4 साल पहले भी शिवनगर पुलिया के नीचे कुछ बदमाशों ने उन्हें लूटने की कोशिश की थी। हालांकि उस समय वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहे थे।
पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच कर रही है।