ePaper Reading mode

MERA BHARAT NEWS ePaper

Monday, 23 November 2026

जालंधर: गदईपुर नहर से 32 वर्षीय युवक का शव बरामद, साथ मिली चालू एक्टिवा; पत्नी ने दोस्तों पर जताया हत्या का शक

जालंधर: गदईपुर नहर से 32 वर्षीय युवक का शव बरामद, साथ मिली चालू एक्टिवा; पत्नी ने दोस्तों पर जताया हत्या का शक

जालंधर: गदईपुर नहर से 32 वर्षीय युवक का शव बरामद, साथ मिली चालू एक्टिवा; पत्नी ने दोस्तों पर जताया हत्या का शक

जालंधर: शनिवार देर शाम ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे 32 वर्षीय युवक का शव रविवार सुबह गदईपुर नहर से बरामद हुआ। हैरानी की बात यह रही कि युवक की एक्टिवा भी नहर में उसके शव के पास मिली और वह चालू हालत में थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर-8 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान न्यू पृथ्वी नगर निवासी विशाल कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, विशाल एक फैक्टरी में काम करता था। शनिवार को ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपने कुछ दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि गदईपुर नहर के पास पहुंचने से पहले सभी ने गोलगप्पे की रेहड़ी पर शराब पी थी। इसी दौरान विशाल और उसके दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की भी जानकारी सामने आई है। इसके बाद सभी अपने-अपने घरों के लिए निकल गए।

पत्नी से फोन पर हुई थी बात, कहा था घर आ रहा हूं

परिजनों के अनुसार, घर लौटते समय विशाल की अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी। उसने पत्नी को बताया था कि वह घर वापस आ रहा है। हालांकि, देर रात उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। रविवार सुबह परिवार को सूचना मिली कि विशाल का शव गदईपुर नहर से बरामद हुआ है।

विशाल की पत्नी ने उसके साथ शराब पीने वाले दोस्तों पर हत्या का शक जताया है। उसका आरोप है कि जिन दोस्तों के साथ विशाल का विवाद हुआ था, उनकी भूमिका की जांच की जानी चाहिए।

पुलिस ने जताई नहर में गिरने की आशंका

थाना नंबर-8 के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि नहर में शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक के पर्स से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान कर परिवार को सूचित किया गया।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर एक्टिवा भी चालू हालत में मिली थी। नहर में पानी काफी कम था और शुरुआती जांच में युवक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आशंका है कि अधिक शराब पीने के कारण एक्टिवा असंतुलित होकर नहर में गिर गई होगी।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।