Wednesday, 11 November 2026
Crime
जालंधर के लैदर कॉम्प्लेक्स में पत्नी ने पति को दूसरी युवती के साथ पकड़ा, जमकर हुआ हंगामा
जालंधर के लैदर कॉम्प्लेक्स में पत्नी ने पति को दूसरी युवती के साथ पकड़ा, जमकर हुआ हंगामा
5 साल से प्रेम संबंध होने का पत्नी का आरोप, मौके पर हुई मारपीट के बाद पुलिस पहुंची; युवती मौके से फरार
जालंधर: शहर के लैदर कॉम्प्लेक्स इलाके में पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने परिजनों के साथ पहुंचकर कथित तौर पर अपने पति को एक युवती के साथ पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ और महिला के परिजनों ने पति की पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला मोनिका अपने परिवार के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंची थी। महिला का आरोप है कि उसका पति पिछले करीब पांच वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम संबंध में है। इस बात को लेकर परिवार में पहले भी कई बार विवाद हो चुका है और समझौते भी हुए, लेकिन इसके बावजूद पति ने कथित तौर पर अपना व्यवहार नहीं बदला।
मोनिका ने आरोप लगाया कि उसका पति परिवार को अमृतसर में नौकरी करने की बात कहता था, जबकि उसने जालंधर में ही एक मकान ले रखा था, जहां वह कथित तौर पर उक्त युवती के साथ आता-जाता था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति पिछले कई वर्षों से उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करता आ रहा है।
महिला के परिजनों ने मौके पर आपत्तिजनक सामान मिलने का भी दावा किया। पीड़िता के भाई हनी अंगुराल ने आरोप लगाया कि उनका जीजा लंबे समय से उसकी बहन को परेशान कर रहा था और घटना के दौरान भी परिवार के सदस्यों को धमकाने लगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि पति के मोबाइल फोन में युवती से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो मौजूद हैं।
वहीं, परिवार ने आरोप लगाया कि पति की कथित गतिविधियों की जानकारी उसके माता-पिता को भी थी। परिजनों ने यह भी दावा किया कि पति ने युवती के लिए मकान खरीदा है और दड़े-सट्टे में पैसे जीतने की बात भी सामने आई है।
घटना के दौरान पति ने परिजनों पर जानलेवा हमला करने के आरोप लगाए, जिससे मौके पर विवाद और बढ़ गया। बताया जा रहा है कि हंगामे के बीच युवती वहां से फरार हो गई।
फिलहाल इस मामले में सामने आए आरोपों की पुलिस जांच और दोनों पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।