Friday, 23 October 2026
Crime
जालंधर की मकसूदां मंडी में दिनदहाड़े बड़ी चोरी: आढ़ती की दुकान से 2 लाख रुपए लेकर शातिर चोर फरार, CCTV में कैद हुई वारदात
जालंधर की मकसूदां मंडी में दिनदहाड़े बड़ी चोरी: आढ़ती की दुकान से 2 लाख रुपए लेकर शातिर चोर फरार, CCTV में कैद हुई वारदात
जालंधर: शहर के मकसूदां मंडी से दिनदहाड़े लाखों रुपए की चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मकसूदां मंडी में एक आढ़ती की दुकान से शातिर चोर 2 लाख रुपए से अधिक की नकदी लेकर फरार हो गया। सबसे हैरानी की बात यह है कि चोर ने इस वारदात को इतनी चालाकी से अंजाम दिया कि आसपास मौजूद किसी भी व्यक्ति को इसकी भनक तक नहीं लगी।
पीड़ित आढ़ती सौरव ने जानकारी देते हुए बताया कि मकसूदां मंडी में उनका मशरूम का कारोबार है। शुक्रवार का दिन पैसों के लेन-देन का होता है। इसी दौरान सुबह करीब 10:05 बजे जब उन्होंने पैसों का बैग चेक किया, तो उसमें से नकदी गायब मिली। घबराकर उन्होंने तुरंत अपने पिता को फोन कर पैसों के बारे में पूछा, तो उन्होंने बैग में ही पैसे होने की बात कही। इसके बाद मौके पर मौजूद दुकान के वर्करों से भी पूछताछ की गई, लेकिन किसी को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
जब दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो उसमें नजर आया सच देखकर सभी के होश उड़ गए। सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है कि सुबह करीब 10:02 बजे एक व्यक्ति पैदल दुकान पर आया और आराम से बैग से पैसे निकालकर वहां से फरार हो गया। पीड़ित के अनुसार, चोर बैग से 2 लाख रुपए से ज्यादा की नकदी चुराकर ले गया है।
घटना की सूचना तुरंत थाना-1 की पुलिस को दे दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित दुकानदार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फुटेज के जरिए चोर की पहचान कर उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।