ePaper Reading mode

MERA BHARAT NEWS ePaper

Monday, 26 October 2026

जालंधर में किराए के मकान पर पुलिस की छापेमारी, कटी तारों से भरे कई बोरे बरामद

जालंधर में किराए के मकान पर पुलिस की छापेमारी, कटी तारों से भरे कई बोरे बरामद

जालंधर में किराए के मकान पर पुलिस की छापेमारी, कटी तारों से भरे कई बोरे बरामद

जालंधर। रामामंडी थाना क्षेत्र की मुस्लिम कॉलोनी में पुलिस ने एक किराए के मकान के बंद कमरों से कटी हुई तारों से भरे कई बोरे बरामद किए हैं। पुलिस ने तारों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, कमरे में रहने वाला किराएदार पुलिस के बुलाने के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली थी कि मुस्लिम कॉलोनी स्थित कुछ बंद कमरों में कथित तौर पर चोरी का सामान रखा हुआ है। सूचना मिलने के बाद थाना रामामंडी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे बंद होने के कारण पुलिस ने किराएदार से फोन पर संपर्क कर उसे मौके पर बुलाया, लेकिन वह नहीं पहुंचा।

मकान मालिक की मौजूदगी में खोले गए कमरे

मामले की जांच कर रहे एएसआई गुरदीप सिंह ने मकान मालिक गुरविंदर सिंह से संपर्क किया। इसके बाद मकान मालिक की मौजूदगी में कमरों के ताले खुलवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अंदर कटी हुई तारों से भरे कई बोरे मिले। पुलिस ने सामान जब्त कर आगे की जांच के लिए थाने भिजवा दिया।

चार महीने पहले किराए पर लिया था कमरा

मकान मालिक गुरविंदर सिंह के अनुसार, करीब चार महीने पहले रमजान नामक युवक को कमरा किराए पर दिया गया था। युवक ने खुद को कबाड़ का कारोबार करने वाला बताया था। मकान मालिक ने बताया कि कमरे से तारों के बोरे मिलने की जानकारी से वह भी हैरान है। उसने किराएदार को फोन कर मौके पर बुलाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं आया।

तारें कहां से आईं, पुलिस कर रही जांच

एएसआई गुरदीप सिंह के अनुसार, बरामद तारों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तारें कहां से लाई गई थीं और क्या उनका किसी चोरी की वारदात से संबंध है। किराएदार की भूमिका सहित मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।