ePaper Reading mode

MERA BHARAT NEWS ePaper

Monday, 23 November 2026

जालंधर: नई सब्जी मंडी मकसूदां में बच्ची के अपहरण की आशंका से मचा हड़कंप, पुलिस ने किया इनकार; रास्ता भटककर पहुंची थी जस्से का पुल

जालंधर: नई सब्जी मंडी मकसूदां में बच्ची के अपहरण की आशंका से मचा हड़कंप, पुलिस ने किया इनकार; रास्ता भटककर पहुंची थी जस्से का पुल

जालंधर: नई सब्जी मंडी मकसूदां में बच्ची के अपहरण की आशंका से मचा हड़कंप, पुलिस ने किया इनकार; रास्ता भटककर पहुंची थी जस्से का पुल

जालंधर: नई सब्जी मंडी मकसूदां से 7 वर्षीय बच्ची को कथित तौर पर कुछ सुंघाकर अगवा करने का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। बच्ची ने आरोप लगाया कि साइकिल सवार दो युवक उसे अपने साथ ले गए थे और जस्से के पुल के पास उसे टांगें काटने की धमकी दी। हालांकि, पुलिस ने बच्ची को कुछ सुंघाकर अगवा करने की बात को गलत बताया है। पुलिस के अनुसार बच्ची रास्ता भटककर मंडी से जस्से के पुल तक पहुंच गई थी।

जानकारी के मुताबिक, बच्ची शहीद बाबू लाभ सिंह नगर की रहने वाली है। वह घर से खुले पैसे करवाने के लिए निकली थी और घूमते-घूमते नई सब्जी मंडी मकसूदां पहुंच गई। बच्ची के आरोपों के अनुसार, मंडी में साइकिल सवार दो युवकों ने उसे कुछ सुंघाया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। इसके बाद दोनों युवक उसे साइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गए।

बच्ची ने बताया कि रास्ते में जस्से के पुल के पास उसे होश आया तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने उसकी टांगें काटने की धमकी दी और बाद में उसे पुल के पास छोड़कर फरार हो गए।

राहगीर ने दिखाई इंसानियत, झुग्गी वालों ने ओढ़ाई शॉल

इसी दौरान पंकज नाम के एक युवक ने बच्ची को जस्से के पुल के पास ठंड में कांपते और रोते हुए देखा। पंकज के अनुसार, जब उसने बच्ची से पूछताछ की तो वह बार-बार मंडी जाने की बात कह रही थी। बच्ची को अपने घर और माता-पिता के बारे में भी स्पष्ट जानकारी नहीं थी।

इसके बाद पंकज उसे नई सब्जी मंडी मकसूदां ले गया। उसे लगा कि बच्ची का परिवार मंडी के आसपास बनी झुग्गियों में रहता होगा। वहां पहुंचने पर झुग्गी में रहने वाले लोगों ने सबसे पहले ठंड से कांप रही बच्ची को शॉल ओढ़ाई। हालांकि, बच्ची वहां रहने वाले किसी परिवार की नहीं थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने अपहरण की आशंका से किया इनकार

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान बच्ची की पहचान शहीद बाबू लाभ सिंह नगर की रहने वाली के रूप में हुई। थाना नंबर-1 के एसएचओ अजमेर लाल ने बच्ची को कुछ सुंघाकर ले जाने के आरोपों को गलत बताया। उनके अनुसार, बच्ची घर से खुले पैसे करवाने निकली थी और रास्ता भटककर पहले नई सब्जी मंडी मकसूदां तथा बाद में जस्से के पुल तक पहुंच गई थी।

एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने बच्ची के परिजनों का पता लगाकर उसे सुरक्षित उनके हवाले कर दिया है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि छोटे बच्चों को किसी भी काम के लिए अकेले घर से बाहर न भेजें, क्योंकि वे रास्ता भटक सकते हैं और परेशानी में पड़ सकते हैं।

नोट: बच्ची द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस के आधिकारिक बयान में अंतर है। फिलहाल अपहरण की आशंका की पुष्टि नहीं हुई है।