Sunday, 15 November 2026
Politics
कांग्रेस भवन जालंधर में मनाया गया बाल दिवस, पंडित जवाहरलाल नेहरू को किया याद
कांग्रेस भवन जालंधर में मनाया गया बाल दिवस, पंडित जवाहरलाल नेहरू को किया याद
जालंधर: आज कांग्रेस भवन जालंधर में देश के प्रथम प्रधानमंत्री, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं दूरदर्शी नेता पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिवस बाल दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू को याद करते हुए देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नमन किया।
पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद में हुआ था। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की आजादी और सेवा के लिए समर्पित कर दिया। महात्मा गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और इस दौरान कई बार जेल भी गए।
देश की आजादी के बाद प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में पंडित नेहरू ने लोकतंत्र को मजबूत करने, धर्मनिरपेक्षता को बढ़ावा देने तथा सभी धर्मों और जातियों को साथ लेकर चलने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए। उन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखने में अहम भूमिका निभाई।
बच्चों के प्रति उनके विशेष प्रेम के कारण बच्चे उन्हें प्यार से 'चाचा नेहरू' कहकर बुलाते थे। उनका मानना था कि आज के बच्चे ही कल के भारत का भविष्य हैं। इसी सोच के चलते हर वर्ष 14 नवंबर को उनके जन्मदिवस के अवसर पर बाल दिवस मनाया जाता है। उनका सपना था कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा, अच्छा स्वास्थ्य, प्यार और सुरक्षित वातावरण मिले।
शिक्षा, विज्ञान, कृषि और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में भी पंडित नेहरू का योगदान महत्वपूर्ण रहा। आईआईटी, एम्स जैसे प्रमुख संस्थानों, बड़े बांधों, कारखानों और वैज्ञानिक संस्थाओं के विकास को उन्होंने विशेष प्राथमिकता दी। उनका उद्देश्य भारत को आधुनिक, खुशहाल और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना था।
इस अवसर पर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर भी संदेश दिया गया। बच्चों को मोबाइल फोन और नशे से दूर रखकर किताबों, खेलों और अच्छे संस्कारों की ओर प्रेरित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। साथ ही बच्चों का सम्मान करने, उनकी भावनाओं को समझने और उन्हें आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर देने का आह्वान किया गया।
इस मौके पर जिला कांग्रेस प्रधान राजिंदर बेरी, प्रेम पाल डुमेली, रविंदर सिंह लाडी, सुदेश कुमार भगत, अरुण रतन, सुभाष ढल्ल, विपन कुमार, गुलशन मिड्डा, डॉ. जसलीन सेठी, कीमती सैनी, यशपाल सफरी, नवदीप जरेवाल, हुसन लाल, किशोरी लाल, राकेश कुमार, रवि बग्गा, अशोक हंस, हरदीप सिंह, मुख्तार अहमद, हैदर अली, रियान हैरिस, यशपाल, अशोक खन्ना, गुरप्रीत सिद्धू, अश्वनी शर्मा, पल्लवी, गुरमीत जस्सी और शबनम सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।