Thursday, 26 November 2026
World
मोगा में AAP की रैली से पहले बड़ा हादसा, कॉफी मशीन फटने से मजदूर की दर्दनाक मौत
मोगा में AAP की रैली से पहले बड़ा हादसा, कॉफी मशीन फटने से मजदूर की दर्दनाक मौत
मोगा: पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी की राज्य स्तरीय रैली से पहले एक दर्दनाक हादसा हो गया। कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान अचानक कॉफी मशीन में जोरदार धमाका हो गया। मशीन का एक हिस्सा टूटकर वहां काम कर रहे एक मजदूर के सिर पर जा लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मशीन में अत्यधिक दबाव बनने के कारण अचानक विस्फोट हुआ। धमाके के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। फिलहाल मृतक की पहचान और घटना से जुड़े अन्य विवरण सामने आने बाकी हैं।
गौरतलब है कि पंजाब सरकार की ओर से आज मोगा में स्मार्ट राशन कार्ड वितरित करने के लिए बड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आज आम आदमी पार्टी का स्थापना दिवस भी है। इस कार्यक्रम को पार्टी के 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान, उनकी कैबिनेट के मंत्रियों, विधायकों के अलावा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर चिंता का माहौल बन गया। घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।