महिला IAS अफसर से छेड़छाड़:घटना के समय डिप्टी CM के साथ ड्यूटी पर थीं; आरोपी मौके पर गिरफ्तार, जजपा कार्यकर्ता बताया जा रहा है
फरीदाबाद16 घंटे पहले
घटना के समय डिप्टी CM के साथ ड्यूटी पर थीं; आरोपी मौके पर गिरफ्तार, जजपा कार्यकर्ता बताया जा रहा है|हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक महिला IAS अफसर से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज कर लिया। सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
आरोपी जननायक जनता पार्टी (जजपा) का कार्यकर्ता बताया जा रहा है। लेकिन यूथ विंग के जिला अध्यक्ष नलिन हुड्डा ने इस बात से इंकार किया है। उनका कहना है कि वह पार्टी का कार्यकर्ता नहीं था। बल्कि किसी के साथ आया था। वहीं आईएएस अधिकारी के साथ हुई इस शर्मनाक घटना को लेकर पूरे शहर में चर्चाओं को बाजार गर्म है।
डिप्टी CM के साथ ड्यूटी पर तैनात थी महिला अफसर
जानकारी के मुताबिक, महिला अफसर डिप्टी CM के साथ ड्यूटी पर तैनात थीं। रविवार शाम को फरीदाबाद के ब्राह्मण बाहुल्य गांव नरियाला में होली मिलन कार्यक्रम के बाद डिप्टी CM सेक्टर-15 में जजपा कार्यकर्ता के घर चाय नाश्ते के लिए पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान गांव तिगांव निवासी साहिल अढ़ाना ने महिला अफसर के पास से निकलते हुए उन्हें गलत तरीके से टच किया।
महिला अधिकारी ने तुरंत उसको पकड़ लिया। आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। महिला अधिकारी ने युवक की हरकत के बारे में पुलिस कर्मियों को बताया तो उन्होंने युवक को हिरासत में ले लिया। फिर महिला अधिकारी ने शिकायत दर्ज कराई और युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। सेंट्रल थाना के सब इंस्पेक्टर विजय कुमार ने मामले की पुष्टि की।