मिठ्ठू बस्ती की घटना को लेकर ‘मसीही संघर्ष मोर्चा’ ने डीजीपी को सौंपा संयुक्त मांग-पत्र
जालंधर, 9 जून (शैली एल्बर्ट): मिठ्ठू बस्ती, जालंधर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के संबंध में विभिन्न ईसाई संगठनों और चर्च मंत्रालयों के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब पुलिस मुख्यालय, चंडीगढ़ में डीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रवीण कुमार सिन्हा से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए ईसाई समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के खिलाफ “मसीही संघर्ष मोर्चा” की ओर से एक संयुक्त मांग-पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।
मुलाकात के दौरान डीजीपी ने जालंधर की ईसाई संस्थाओं और समुदाय की परिपक्वता एवं शांतिपूर्ण रवैये की सराहना की। उन्होंने प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि मामले में जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर क्रिश्चियन स्ट्रगल फ्रंट, पंजाब क्रिश्चियन मूवमेंट, होसना पंजाबी मंत्रालय, ग्लोबल मसीही एक्शन कमेटी, मसीही जागरूकता लीडरशिप, यूनाइटेड पास्टर्स एसोसिएशन, नेशनल क्रिश्चियन यूनियन, मसीही पादरी एसोसिएशन, ईसाई शक्ति संगठन और क्रिश्चियन टाइगर फोर्स सहित विभिन्न ईसाई संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।