जालंधर के होटल में मिली जम्मू की महिला की लाश, नौकरी की तलाश में आई थी शहनाज; आत्महत्या की आशंका
जालंधर:शहर के थाना-7 के अंतर्गत आने वाले एक होटल में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान जम्मू निवासी शहनाज के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि इसके पीछे के कारणों का अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल पंप के नजदीक स्थित ओवल हट होटल (Oval Hut Hotel) के कमरे से शहनाज का शव बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि वह करीब 25 दिन पहले ही नौकरी के सिलसिले में जालंधर आई थी और इसी होटल में ठहरी हुई थी। होटल के कमरे में उसका शव पंखे से संदिग्धावस्था में लटका मिला, जिसके बाद होटल कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना-7 की पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले से जुड़े तथ्यों का बारीकी से पता लगाने के लिए होटल के कर्मचारियों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाने के लिए एंबुलेंस बुलाई। थाना प्रभारी के अनुसार, इस दुखद घटना की जानकारी शहनाज के परिजनों को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और महिला की मौत के असल कारणों का पता लगाने में जुटी है।