सोशल मीडिया वीडियो बनी खून की वजह! जालंधर डबल मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा
वायरल वीडियो हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद, रंजिश ने लिया दोहरे हत्याकांड का रूप
जालंधर, प्रतिनिधि। शहर के दशमेश नगर में हुए चर्चित डबल मर्डर केस की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड की जड़ सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक मारपीट की वीडियो और उससे उपजा विवाद बताया जा रहा है।
जांच में सामने आया है कि वायरल वीडियो में आरोपी गुल्लु कुछ युवकों के साथ सिमरनजीत नामक युवक की कथित पिटाई करता दिखाई दे रहा था। सूत्रों के अनुसार, वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद आरोपी लगातार इसे विभिन्न प्लेटफॉर्मों से हटवाने का प्रयास कर रहा था। आरोप है कि उसने वीडियो हटाने के लिए कई बार दबाव भी बनाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो जेल में बंद गैंगस्टर लक्की लाहौरिया तक भी पहुंच गई थी। बताया जा रहा है कि गैंगस्टर द्वारा वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए जाने के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया। इसके बाद सिमरन ने भी वही वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दी, जिससे आरोपी की नाराजगी और बढ़ गई।
सौरव पर भी था शक
जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को यह संदेह था कि वीडियो को वायरल कराने और व्यापक स्तर पर फैलाने में सौरव की भी भूमिका है। इसी कारण वह दोनों युवकों पर वीडियो हटाने का लगातार दबाव बना रहा था। पुलिस का मानना है कि जब वीडियो नहीं हटाई गई तो आरोपी के मन में बदले की भावना पैदा हो गई, जिसने अंततः हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों, सोशल मीडिया गतिविधियों तथा कॉल रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि हत्या की साजिश कब और कैसे बनाई गई तथा इसमें अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं।
सोशल मीडिया विवाद से दो जिंदगियां खत्म
प्रारंभिक जांच से यह मामला एक बार फिर यह संकेत देता है कि सोशल मीडिया पर शुरू हुए विवाद किस तरह गंभीर आपराधिक घटनाओं में बदल सकते हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।