पंजाब की सियासत में बड़ा फेरबदल: चेतन सिंह जौड़ामाजरा, हरमीत सिंह पठानमाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह ने थामा भाजपा का दामन
जालंधर/नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की राजनीति में दल-बदल का सिलसिला तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी से इस्तीफा देने वाले पूर्व विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं। उनके साथ पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं पूर्व विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
तीनों नेताओं ने दिल्ली में भाजपा का दामन थामा। इनके भाजपा में शामिल होने को पंजाब की आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक समीकरणों में बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि पटियाला जिले की समाना विधानसभा सीट से विधायक रहे चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने रविवार को आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वहीं, सनौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था।
इसके अलावा कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी आम आदमी पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। अब तीनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने से पंजाब की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।
विधायकों की सदस्यता रद्द करवाने की तैयारी में AAP
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा की विधानसभा सदस्यता रद्द करवाने की मांग उठाने की बात कही है। पार्टी के अनुसार, दोनों विधायकों को कथित विरोधी गतिविधियों के चलते पहले ही निलंबित किया जा चुका था और इसके बाद उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दिया।
अब आम आदमी पार्टी विधानसभा स्पीकर के समक्ष दोनों विधायकों की सदस्यता समाप्त करने की मांग रखेगी। इस मामले में स्पीकर का निर्णय और लागू संवैधानिक प्रावधान आगे की कार्रवाई तय करेंगे।