बटाला। शहर के डिफेंस रोड पर शनिवार को कार निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में एक निहंग सिंह की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, डिफेंस रोड पर कार निकालने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलियां चला दीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना में निहंग सिंह दीपइन्द्र सिंह पुत्र जसबीर सिंह निवासी शुक्रपुरा, बटाला के सिर में गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के कंवलजीत सिंह पुत्र गुरदीप सिंह और जगजीत सिंह पुत्र गुरदीप सिंह, दोनों निवासी बटाला, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए बटाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी बटाला डॉ. महताब सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा फायरिंग में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान एसपी (डी) संदीप वडेहरा, एसपी रमनिंदर सिंह, डीएसपी सिटी सुखइंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
वहीं, घटना के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहरी) बटाला के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म होता नजर आ रहा है, जिस कारण ऐसी वारदातें बढ़ रही हैं।