जालंधर, 16 मार्च : डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल द्वारा जिले में पब्लिक-पॉलिसी इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत चल रहे 5वें बैच की समाप्ति पर 65 इंटर्न्स को सर्टिफिकेट प्रदान किए।
यहां जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में इंटर्न्स का मनोबल बढ़ाते हुए डिप्टी कमिश्नर ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
डिप्टी कमिश्नर ने उन्हें इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरा करने पर मुबारकबाद दी और उनके द्वारा विभिन्न विभागों/दफ्तरों में हासिल किए गए अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
डा. अग्रवाल ने बताया कि पब्लिक-पॉलिसी इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को जिले के विभिन्न सरकारी संस्थानों/विभागों/दफ्तरों में 3 महीने के लिए इंटर्न के तौर पर शामिल किया गया था। उन्होंने बताया कि इस उपक्रम का उदेश्य सरकार की लोक भलाई योजनाओं को और अधिक प्रभावशाली ढंग से लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों की कार्यशैली से परिचित करवाना और उनके ज्ञान तथा कौशल में वृद्धि करना भी है।
डा. अग्रवाल ने बताया कि इंटर्नशिप के दौरान इन विद्यार्थियों को सरकारी विभागों के कामकाज को नजदीक से देखने और समझने का मौका मिला।
उन्होंने बताया कि इस इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत पहले भी चार बैच लगाए जा चुके हैं, जिसके तहत करीब 300 विद्यार्थी इंटर्नशिप कर चुके हैं।
इस मौके पर डिप्टी डायरेक्टर जिला रोजगार व कारोबार ब्यूरो नीलम महे, यंग प्रोफेशनल, मॉडल कैरियर सेंटर, जालंधर से निर्मल कौर और जिला विकास फेलो कृतिका भी मौजूद थी।