ग्रीस में दर्दनाक हादसा: जालंधर के युवक तिलक राज लल्ली की खाई में गिरने से मौत
परिवार संग छुट्टियां मनाने गए थे, पहाड़ी क्षेत्र में पैर फिसलने से हुआ हादसा; 17 जून को होगा अंतिम संस्कार
जालंधर, प्रतिनिधि। पंजाब के जालंधर जिले के गांव बाठ कलां से एक बेहद दुखद समाचार सामने आया है। गांव निवासी एवं इंग्लैंड के स्थायी नागरिक नरंजन दास के पुत्र तिलक राज लल्ली की ग्रीस में एक दर्दनाक हादसे के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार, रिश्तेदारों और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिलक राज लल्ली अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने के लिए ग्रीस गए हुए थे। 19 मई को वह अपने परिजनों के साथ एक पहाड़ी क्षेत्र में घूमने निकले थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरे। हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय उनके साथ मौजूद एक बच्चा भी घायल हो गया था। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। राहत की बात यह है कि बच्चे की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे के बाद आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर तिलक राज लल्ली के पार्थिव शरीर को इंग्लैंड लाया गया है। परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार 17 जून को किया जाएगा।
इस दुखद घटना से गांव बाठ कलां सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। ग्रामीणों और परिचितों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।