• Friday, 17 July 2026
Logo Logo
Advertisement
पंजाब में 2,800 नए राशन डिपो को लाइसेंस, 5.5 लाख परिवारों को घर के नजदीक मिलेगा राशन: सीएम मान

17 Jul 2026 | 9 Views

पंजाब में 2,800 नए राशन डिपो को लाइसेंस, 5.5 लाख परिवारों को घर के नजदीक मिलेगा राशन: सीएम मान

पंजाब में 2,800 नए राशन डिपो को लाइसेंस, 5.5 लाख परिवारों को घर के नजदीक मिलेगा राशन: सीएम मान

 

मोहाली में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सौंपे लाइसेंस, कहा— 40 लाख परिवारों को मुफ्त गेहूं और ‘मेरी रसोई’ राशन किट मिल रही है

 

साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली), 16 जुलाई। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करने के उद्देश्य से 2,800 नए राशन डिपो धारकों को लाइसेंस सौंपे। उन्होंने कहा कि इस पहल से करीब 5.5 लाख राशन कार्ड धारकों को राहत मिलेगी, क्योंकि अब उन्हें राशन लेने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और न ही घंटों कतारों में खड़ा होना होगा।

 

मोहाली के विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि नई डिपो आवंटन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और साक्षात्कार आधारित रही। उन्होंने बताया कि 2,800 लाइसेंसों में 633 अनुसूचित जाति, 199 अन्य पिछड़ा वर्ग, 181 पूर्व सैनिक, 39 स्वतंत्रता सेनानी परिवार, 156 दिव्यांग व्यक्तियों और 17 दंगा पीड़ित परिवारों को शामिल किया गया है, जिससे समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हुआ है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्मार्ट राशन कार्ड योजना के तहत 40 लाख परिवारों को मुफ्त गेहूं के साथ ‘मेरी रसोई’ राशन किट भी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में राजनीतिक सिफारिशों के आधार पर राशन डिपो बांटे जाते थे, जबकि वर्तमान सरकार ने योग्यता और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी है।

 

नवनियुक्त डिपो धारकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ लोगों की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगों और जरूरतमंद परिवारों की सहायता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की अन्य उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में सड़क सुरक्षा बल (एसएसएफ) के गठन के बाद सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 48 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं, नहरी पानी के उपयोग में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और अब राज्य 80 प्रतिशत से अधिक उपलब्ध नहरी जल का उपयोग कर रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार का प्रत्येक निर्णय जनता के कल्याण को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार का उद्देश्य हर नागरिक तक सुविधाएं पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Published on: 17 Jul 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News