पाकिस्तान को लगा दोहरा झटका, स्लो ओवर रेट के कारण 11 WTC अंक कटे; जीत प्रतिशत 4.63% पर पहुंचा
नई दिल्ली: इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में खेले गए तीसरे टेस्ट में धीमी ओवर गति पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए भारी पड़ गई। मैच में 8 विकेट से हार के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तान पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही टीम के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के 11 अंक भी काट लिए गए हैं।
आईसीसी के अनुसार, समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद भी पाकिस्तान निर्धारित समय में लक्ष्य से 11 ओवर पीछे रहा। इसके चलते टीम को यह सजा दी गई। मामले की सुनवाई एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी रंजन मदुगले ने की।
जीत प्रतिशत 14.81 से घटकर 4.63 प्रतिशत
इस अंक कटौती से पाकिस्तान की WTC स्थिति पर बड़ा असर पड़ा है। एजबेस्टन टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तान का जीत प्रतिशत पहले ही 14.81 प्रतिशत हो गया था। 11 अंक गंवाने के बाद अब उसका जीत प्रतिशत 4.63 प्रतिशत रह गया है।
पाकिस्तान ने मौजूदा WTC चक्र में 9 टेस्ट खेले हैं, जिनमें उसे 2 मैचों में जीत और 7 में हार मिली है। स्लो ओवर रेट के कारण टीम अपने अर्जित अंकों में से बड़ी संख्या गंवा चुकी है। इससे पहले मई में बांग्लादेश के खिलाफ ढाका टेस्ट में भी धीमी ओवर गति के कारण पाकिस्तान के 8 WTC अंक काटे गए थे।
इस तरह स्लो ओवर रेट के कारण पाकिस्तान को इस WTC चक्र में अब तक कुल 19 अंक गंवाने पड़े हैं।
WTC अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर
मौजूदा WTC अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज 1-1 से ड्रॉ होने के बाद ऑस्ट्रेलिया के 96 अंक और 80 प्रतिशत जीत प्रतिशत हैं।
दक्षिण अफ्रीका 75 प्रतिशत जीत प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत के साथ तीसरे और बांग्लादेश 55.56 प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर है।
पाकिस्तान के लिए अब स्लो ओवर रेट की समस्या न केवल मैच फीस के जुर्माने तक सीमित है, बल्कि इसका सीधा असर WTC अंक तालिका में उसकी स्थिति पर भी पड़ रहा है।