सेंट थॉमस स्कूल में स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार पर भड़का रोष
वेतन बढ़ोतरी में कटौती और छठे वेतन आयोग को लागू न करने का आरोप
लुधियाना में स्थित सेंट थॉमस स्कूल को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ डायोसिस ऑफ चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया से संबंधित इस स्कूल में स्टाफ के साथ कथित दुर्व्यवहार और वेतन संबंधी मुद्दों को लेकर भारी रोष व्याप्त है।
स्कूल के कर्मचारियों का आरोप है कि प्रबंधन के एक अधिकारी, जो डायोसिस से जुड़े उच्च पद पर हैं, ने स्टाफ के साथ अपमानजनक व्यवहार किया। इसके अलावा वेतन वृद्धि को लेकर भी असंतोष जताया गया है। स्टाफ का कहना है कि उन्हें 11 प्रतिशत वेतन बढ़ोतरी की उम्मीद थी, लेकिन केवल 8 प्रतिशत ही बढ़ोतरी दी गई।
इतना ही नहीं, कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को स्कूल प्रबंधन द्वारा लागू नहीं किया गया है। इन सभी मुद्दों को लेकर जब स्टाफ ने अपनी मांगों के संबंध में स्कूल मैनेजर से बातचीत करने की कोशिश की, तो उनके साथ कथित तौर पर फिर से दुर्व्यवहार किया गया।
इस घटना के बाद स्कूल के टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ में भारी नाराजगी देखी जा रही है। कर्मचारियों ने कहा है , कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।