रुमाल बांधकर दुकानदार पर किया था जानलेवा हमला, लोहे की रॉड और मोबाइल फोन बरामद
शहर में लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना नंबर-4 की पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके पास से लोहे की रॉड और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी की पहचान हरदीप निवासी जालंधर के रूप में हुई है।
मामला दिलकुशा मार्केट में हुए जानलेवा हमले से जुड़ा है। शिकायतकर्ता संदीप आहूजा निवासी जालंधर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपनी दुकान ‘रिंकू मेडिकोज’ पर बैठा हुआ था। इसी दौरान मुंह पर रुमाल बांधकर एक व्यक्ति वहां पहुंचा और उस पर अचानक हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शहर की व्यस्त दिलकुशा मार्केट में हुई, जहां हमलावर ने तलवार के साथ हमला कर अफरा-तफरी मचा दी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी नीली टी-शर्ट पहनकर आया था और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदात के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।