आरटीआई एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह का अंतिम संस्कार, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
जालंधर: आरटीआई एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह का आज दोपहर करीब 2:30 बजे हरनाम दास पुरा स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और परिवार के सदस्य गहरे सदमे में नजर आए।
सिमरनजीत सिंह को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, आरटीआई कार्यकर्ता और उनके परिचित श्मशान घाट पहुंचे। अंतिम संस्कार के दौरान हर किसी की आंखें नम थीं और लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
गौरतलब है कि हाल ही में फगवाड़ा के लोहा गेट क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के दौरान सिमरनजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच के अनुसार आरोपी शरणजीत मृतक का रिश्ते में मामा का बेटा बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्लॉट से जुड़े आर्थिक लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर दो गोलियां चलाईं। गोली लगने से सिमरनजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शरणजीत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
सिमरनजीत सिंह के निधन से सामाजिक कार्यकर्ताओं और आरटीआई क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक की लहर है। कई संगठनों ने उनकी हत्या की निंदा करते हुए दोषी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।