कनाडा-ऑस्ट्रेलिया नहीं, पंजाब बनेगा देश का सर्वश्रेष्ठ शिक्षा केंद्र: सीएम भगवंत मान
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने कहा है कि उनकी सरकार पंजाब को देश का सर्वश्रेष्ठ शिक्षा केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि राज्य के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों की ओर रुख न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में सरकार, शिक्षकों और विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयासों से पंजाब ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं और केरल को पीछे छोड़कर देश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
चंडीगढ़ के Tagore Theatre में आयोजित ‘सितारे जमीन ते’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों से संवाद किया और नौ टॉपर्स को 50-50 हजार रुपये तथा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। इस वर्ष आठवीं, दसवीं और बारहवीं कक्षाओं के अधिकांश टॉपर छात्राएं हैं, जो राज्य की बदलती तस्वीर और बेटियों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
भगवंत मान ने कहा कि पहले सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों में आत्मविश्वास की कमी होती थी, लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। अब बच्चे मुख्यमंत्री से भी बेझिझक सवाल पूछते हैं, जबकि पहले किसी मुख्यमंत्री द्वारा विद्यार्थियों से सीधा संवाद तक नहीं किया जाता था।
उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए हैं। शिक्षकों को आधुनिक प्रशिक्षण के लिए विदेश भेजा गया, स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया और विद्यार्थियों में आत्मविश्वास पैदा करने पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रट्टा आधारित शिक्षा की बजाय ज्ञान आधारित शिक्षा को बढ़ावा दे रही है, जिससे विद्यार्थियों में समझ, रचनात्मकता और तार्किक सोच विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा पास करना नहीं, बल्कि जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए विद्यार्थियों को सक्षम बनाना है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष सरकारी स्कूलों के 359 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स परीक्षा उत्तीर्ण की है, जो पंजाब की शिक्षा क्रांति का बड़ा प्रमाण है। सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से जीवन में सफल होने के साथ-साथ विनम्र बने रहने की अपील करते हुए कहा कि मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए हर संभव सहयोग देती रहेगी।