अड्डा टांडा और राम नगर फाटक पर अंडरपास की उम्मीद जगी, डीआरएम से मिली विधायक बावा हेनरी
जालंधर : शहर के अड्डा टांडा रेलवे फाटक और राम नगर रेलवे फाटक पर लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जालंधर नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले ये दोनों रेलवे फाटक शहर के सबसे व्यस्त यातायात मार्गों में शामिल हैं, जहां रोजाना लाखों लोगों की आवाजाही होती है।
जानकारी के अनुसार अड्डा टांडा रेलवे क्रॉसिंग से प्रतिदिन करीब 4 लाख लोग गुजरते हैं। दिनभर में लगभग 116 बार फाटक बंद होने के कारण यहां लंबा जाम लग जाता है। वहीं राम नगर रेलवे फाटक से भी रोजाना एक लाख से अधिक लोग आवागमन करते हैं। रेलवे द्वारा हर वर्ष ट्रेन व्हीकल यूनिट (TVU) सर्वेक्षण किए जाने के बावजूद अभी तक दोनों स्थानों पर अंडरपास निर्माण को मंजूरी नहीं मिल सकी है।
इस गंभीर समस्या को लेकर सोमवार को जालंधर नार्थ हलके के विधायक व् आल इण्डिया कांग्रेस के सदस्य जूनियर अवतार हैनरी ने स्थानीय निवासियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) संजीव कुमार से मिले। बैठक के दौरान विधायक ने सैटेलाइट इमेज के माध्यम से दोनों रेलवे फाटकों की स्थिति और वहां आने वाली ट्रैफिक समस्याओं से डीआरएम को अवगत कराया।
इस मौक पर डीआरएम संजीव कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे की तकनीकी टीम को जालंधर भेजकर अंडरपास निर्माण की संभावनाओं की जांच करवाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा अड्डा टांडा से सोढल की ओर रेलवे लाइन के किनारे खाली पड़ी भूमि पर ग्रीन बेल्ट विकसित करने की अनुमति भी मांगी गई। स्थानीय लोगों ने इस स्थान की सफाई कर पौधारोपण करने की इच्छा जताई है।
बैठक में दोमोरिया पुल के नवीनीकरण कार्य की धीमी गति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। डीआरएम ने सभी लंबित मामलों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
अंडरपास न होने के कारण हीरां गेट, किला मोहल्ला, अड्डा टांडा, लक्ष्मीपुरा, नीला महल, दीन दयाल उपाध्याय नगर, गाजी गुल्ला, राम नगर, दाना मंडी और गोपाल नगर समेत कई क्षेत्रों के लोगों को रोजाना ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि रेलवे जल्द इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा।