अगस्त से खाटू श्याम, सालासर, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन के लिए भी शुरू होगी मुफ्त तीर्थ यात्रा:
तलवाड़ा में भजन संध्या के दौरान बड़ी घोषणा; डेढ़ लाख श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ, बीबीएमबी अस्पताल को पीजीआई की तर्ज पर अपग्रेड करने का ऐलान
तलवाड़ा (होशियारपुर), 19 जुलाई।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को तलवाड़ा में आयोजित 'एक शाम भगवान शिव के नाम' भजन संध्या में हिस्सा लिया। इस दौरान केजरीवाल ने भगवंत मान सरकार की मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना का विस्तार करते हुए घोषणा की कि अगस्त से श्रद्धालुओं को खाटू श्याम जी-सालासर, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन की भी निशुल्क यात्रा कराई जाएगी।
केजरीवाल ने बताया कि इन तीनों नए रूटों के लिए पंजीकरण अगस्त में शुरू होगा और सरकार लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालुओं को इस योजना का लाभ देने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान एसी बस, ठहरने, भोजन और अन्य सभी व्यवस्थाओं का खर्च सरकार वहन करेगी।
महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना का उल्लेख करते हुए केजरीवाल ने कहा कि जिन पात्र महिलाओं को अभी तक राशि नहीं मिली है, उन्हें 1 अगस्त को एक साथ तीन माह की किस्त जारी की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार की ईमानदार कार्यशैली के कारण मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और महिलाओं को वित्तीय सहायता जैसी योजनाएं सफलतापूर्वक चलाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता, शांति और भाईचारे की भावना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी शासन और जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 19 टोल प्लाजा बंद किए जा चुके हैं, जिससे लोगों की प्रतिदिन लगभग 70 लाख रुपये की बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि अब तक 68 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं तथा 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी घोषणा करते हुए भगवंत मान ने कहा कि बीबीएमबी अस्पताल को पीजीआई चंडीगढ़ की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। अस्पताल में अत्याधुनिक मशीनें, विशेषज्ञ डॉक्टर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े।
कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने धार्मिक सौहार्द, जनकल्याणकारी योजनाओं और पंजाब के समग्र विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।