• Tuesday, 21 July 2026
Logo Logo
Advertisement
डेरा सचखंड बल्ला पहुंचे चिराग पासवान, संत निरंजन दास से लिया आशीर्वाद

20 Jul 2026 | 12 Views

डेरा सचखंड बल्ला पहुंचे चिराग पासवान, संत निरंजन दास से लिया आशीर्वाद

जालंधर में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने डेरा सचखंड बल्ला पहुंचकर संत निरंजन दास जी का आशीर्वाद लिया। अमृतसर दौरे के बाद जालंधर पहुंचे चिराग पासवान ने डेरा सचखंड में माथा टेका और संत निरंजन दास से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि उनका डेरा सचखंड बल्ला आने का मुख्य उद्देश्य संत निरंजन दास जी का आशीर्वाद लेना है। उन्होंने कहा कि उनका पंजाब और विशेष रूप से सिख समुदाय से गहरा भावनात्मक संबंध है, क्योंकि उनकी माता सिख परिवार से हैं।

चिराग पासवान ने कहा, “मेरे नानके पंजाब में हैं और मेरी मां सरदारनी हैं। इस नाते मेरा पंजाब से विशेष जुड़ाव है। मैं खुद को आधा सरदार और पंजाबी मानता हूं। इसलिए पंजाब के लोगों और यहां के परिवारों के प्रति मेरी जिम्मेदारी भी बनती है।”

उन्होंने कहा कि उनके पिता और लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय राम विलास पासवान की सोच थी कि पार्टी का विस्तार देश के विभिन्न राज्यों में हो। उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए पार्टी अब पंजाब में भी अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहती है।

चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन मिला है और पार्टी के कई प्रतिनिधि संसद तथा विधानसभा तक पहुंचे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में पंजाब में भी पार्टी को इसी तरह जनसमर्थन मिलेगा और संगठन का विस्तार होगा।

हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका यह दौरा राजनीतिक गतिविधियों के बजाय धार्मिक और आध्यात्मिक उद्देश्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि वह किसी राजनीतिक कार्यक्रम के तहत नहीं, बल्कि संत निरंजन दास जी का आशीर्वाद लेने और श्रद्धा प्रकट करने के लिए डेरा सचखंड बल्ला पहुंचे हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संतों का आशीर्वाद और लोगों का सहयोग मिलने से पार्टी भविष्य में पंजाब में भी अपनी पहचान मजबूत करने में सफल होगी। इस दौरान डेरा प्रबंधन के सदस्यों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी उनका स्वागत किया।

Published on: 20 Jul 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News