भगवंत मान पंजाब के पहले पूरी तरह ईमानदार मुख्यमंत्री, उन पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं: अरविंद केजरीवाल
पठानकोट/नई दिल्ली, 17 जुलाई। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पठानकोट में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भजन संध्या में भाग लेते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने दावा किया कि पंजाब को पहली बार ऐसा मुख्यमंत्री मिला है, जिस पर या उनके परिवार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा।
सभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पूर्व के मुख्यमंत्रियों और उनके मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे, लेकिन भगवंत मान सरकार ईमानदारी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बचाए गए संसाधनों से लोगों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा, मुफ्त तीर्थ यात्रा और महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये जैसी योजनाओं का लाभ दे रही है।
उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है, लेकिन अभी तक राशि नहीं मिली है, उनके खातों में भी 1 अगस्त को राशि भेज दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान 1 अगस्त को पठानकोट आकर इस योजना से जुड़े कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
केजरीवाल ने कहा कि ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम पूरे पंजाब के 22 शहरों में आयोजित किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, राज्य सरकार सनातन धर्म से जुड़े धार्मिक स्थलों और आयोजनों को भी बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने तीर्थ यात्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि 1 अगस्त से खाटू श्याम–सालासर, हरिद्वार–ऋषिकेश और मथुरा–वृंदावन के तीन नए रूट शुरू किए जाएंगे, जिनसे लगभग 1.5 लाख श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा।
केजरीवाल ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार पटियाला के काली माता मंदिर के जीर्णोद्धार पर लगभग 80 करोड़ रुपये खर्च कर रही है और यह कार्य अक्टूबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके अलावा अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर के निकट माता सीता और लव-कुश का भव्य मंदिर बनाने की योजना पर भी सरकार काम कर रही है।