बैंकरज़ कमेटी की मीटिंगों में बैंकों की कारगुज़ारी की समीक्षा
चालू वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्यों और नतीजों पर विचार-विमर्श
जालंधर, 29 जुलाई : वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही की समीक्षा के लिए ब्लॉक स्तरीय बैंकरज़ कमेटी की मीटिंगों का सिलसिला सफलतापूर्वक समाप्त हो गया।
एल.डी.एम. जालंधर एम.एस. मोती ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 जुलाई 2026 को लोहियां खास और शाहकोट ब्लॉकों में मीटिंगों से यह सिलसिला शुरू हुआ था। इसके तहत जिले के विभिन्न 11 ब्लॉकों में मीटिंगें की गई।
मीटिंगों में पहली तिमाही (01.04.2026 से 30.06.2026 तक) के दौरान बैंकों की कारगुज़ारी की समीक्षा के साथ-साथ चालू वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्यों और नतीजों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैंक अधिकारियों द्वारा 30 जून 2026 को समाप्त हुई तिमाही के दौरान अपने-अपने बैंक की कारगुज़ारी के बारे में जानकारी दी गई।
एल.डी.एम. ने जन सुरक्षा योजनाओं और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाभार्थियों को जागरूक करने के साथ-साथ कर्ज के लिए प्राप्त आवेदनों के जल्द निपटारे के लिए कहा। जून 2026 तिमाही की समीक्षा के साथ-साथ जिले के जमा-कर्ज अनुपात (सी.डी. रेशियो) के बारे में भी जानकारी साझा की गई और बैंकों को इसमें सुधार करने के लिए ज्यादा से ज्यादा कर्ज मंजूर करने के लिए कहा गया। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लंबित कर्ज आवेदनों को जल्द से जल्द निपटाने के लिए भी निर्देश दिए गए।
मीटिंगों के दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) के कार्यालय से आजीविका मिशन के प्रतिनिधि, नाबार्ड के अधिकारी, रूडसेट संस्था के प्रतिनिधि, क्रिसल एवं अरोह फाउंडेशनों तथा बैंक के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।