• Thursday, 9 July 2026
Logo Logo
Advertisement
एसआईआर फॉर्म भरने वालों को ही मिलेगा वोट का अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ: मुख्यमंत्री भगवंत मान

09 Jul 2026 | 47 Views

एसआईआर फॉर्म भरने वालों को ही मिलेगा वोट का अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ: मुख्यमंत्री भगवंत मान

 एसआईआर फॉर्म भरने वालों को ही मिलेगा वोट का अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ: मुख्यमंत्री भगवंत मान

 ‘मांवां-धियां सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं को मिलने लगी आर्थिक सहायता, लोगों से विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया में भाग लेने की अपील

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में भाग लेकर समय पर अपना फॉर्म भरने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नई मतदाता सूची में केवल उन्हीं लोगों के नाम शामिल किए जाएंगे, जो एसआईआर प्रक्रिया पूरी करेंगे। ऐसे मतदाता ही अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर पाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रत्येक नागरिक के मतदान अधिकार की सुरक्षा के लिए एसआईआर प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया को गंभीरता से लें और समय रहते अपने दस्तावेज पूरे करें।

लोगों के नाम जारी संदेश में भगवंत मान ने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम नई मतदाता सूची में शामिल नहीं होता है तो वह अपने संवैधानिक मतदान अधिकार का उपयोग नहीं कर सकेगा। इसलिए प्रत्येक नागरिक को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसका नाम नई मतदाता सूची में दर्ज हो।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को एसआईआर फॉर्म भरने में किसी प्रकार की परेशानी आती है तो वह आम आदमी पार्टी के स्थानीय स्वयंसेवकों की सहायता ले सकता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘मांवां-धियां सत्कार योजना’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपना एक और बड़ा चुनावी वादा पूरा करते हुए महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने की शुरुआत कर दी है। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु की महिला लाभार्थियों को उनके बैंक खातों में राशि जमा होने संबंधी संदेश मिलने शुरू हो गए हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, योजना के तहत राज्य की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होंगी और इसके लिए राज्य सरकार ने 9,300 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।

भगवंत मान ने लोगों से एक बार फिर अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में बना रहे और वे सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लगातार प्राप्त करते रहें।

Published on: 09 Jul 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News