एसआईआर सत्यापन पूरा करने की अपील, हर योग्य मतदाता अपना नाम वोटर सूची में सुनिश्चित करे: अमन अरोड़ा
चंडीगढ़, 9 जुलाई। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने राज्य के सभी योग्य मतदाताओं से चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और अपना सत्यापन समय पर पूरा करने की अपील की है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और सत्यापित करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक योग्य मतदाता को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी चाहिए, ताकि उनका मतदान का अधिकार सुरक्षित रहे।
अमन अरोड़ा ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों की सत्यापित पहचान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य बीमा, राशन, पेंशन तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक सही ढंग से पहुंचाने के लिए पहचान का सत्यापन महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी लोगों से अपील कर चुके हैं कि वे सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में बना रहे। उनके अनुसार सरकार चाहती है कि सभी पात्र नागरिकों को बिना किसी बाधा के सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता रहे।
अमन अरोड़ा ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने अन्य राज्यों में मतदाता सूची से जुड़े मामलों का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी नहीं चाहती कि पंजाब का कोई भी वास्तविक मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित हो।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे एसआईआर प्रक्रिया को केवल मतदाता सत्यापन तक सीमित न समझें, बल्कि इसे अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण कदम मानें।
अमन अरोड़ा ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने लोगों की सहायता के लिए पूरे पंजाब में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1 और बीएलए-2) तैनात किए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों और सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए बूथ स्तर पर उपलब्ध रहेंगे।