• Tuesday, 25 August 2026
Logo Logo
Advertisement
प्याज के बढ़ते दामों ने बिगाड़ा रसोई का बजट, बिक्री पर भी पड़ा असर

25 Aug 2026 | 12 Views

प्याज के बढ़ते दामों ने बिगाड़ा रसोई का बजट, बिक्री पर भी पड़ा असर

प्याज के बढ़ते दामों ने बिगाड़ा रसोई का बजट, बिक्री पर भी पड़ा असर

कीमत 35-40 रुपये से बढ़कर 60-65 रुपये प्रति किलो पहुंची, ग्राहकों की खरीदारी घटी

जालंधर। रसोई में हर दिन इस्तेमाल होने वाली प्याज अब आम लोगों की जेब पर भारी पड़ने लगी है। पिछले करीब 10 दिनों के दौरान प्याज की कीमतों में अचानक तेजी दर्ज की गई है। कुछ समय पहले तक बाजार में 35 से 40 रुपये प्रति किलो बिकने वाली प्याज अब 60 से 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इसके दाम और बढ़ सकते हैं। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच प्याज की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

मंडी के व्यापारी विश्व ने बताया कि प्याज के दाम लगभग दोगुने हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहले 30 रुपये प्रति किलो बिकने वाली प्याज अब 60 से 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। बढ़ी हुई कीमतों के कारण बाजार में प्याज की बिक्री भी काफी कम हो गई है। दुकानों पर प्याज तो सजी हुई दिखाई देती है, लेकिन ग्राहक कम मात्रा में ही खरीदारी कर रहे हैं।

व्यापारियों के अनुसार बरसाती मौसम में प्याज को सुरक्षित रखना भी चुनौती बना हुआ है। एक-दो दिन के भीतर ही प्याज खराब होने लगती है, जिसके कारण उन्हें रोजाना मंडी से नया स्टॉक लाना पड़ रहा है। कई ग्राहक केवल भाव पूछकर लौट जाते हैं और खरीदारी नहीं करते।

वहीं व्यापारी विजय कुमार ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से प्याज की बिक्री में भारी गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि बढ़ते दामों का नुकसान व्यापारियों को भी उठाना पड़ रहा है। पहले ग्राहक 5 से 10 किलो तक प्याज खरीदते थे, लेकिन अब खरीदारी काफी सीमित हो गई है। उन्होंने बताया कि थोक बाजार में प्याज 52 रुपये प्रति किलो मिल रही है, जबकि खुदरा कीमतें 60 रुपये से ऊपर पहुंच चुकी हैं।

विजय कुमार का कहना है कि आने वाले दिनों में प्याज के दाम और बढ़ने की संभावना है, जबकि कीमतों में कमी की उम्मीद फिलहाल बहुत कम नजर आ रही है। यही वजह है कि बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम हो गई है और त्योहारी सीजन के बावजूद मंडियों में अपेक्षित चहल-पहल देखने को नहीं मिल रही। बढ़ती महंगाई के बीच प्याज की कीमतों ने आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारियों की भी चिंता बढ़ा दी है।

Published on: 25 Aug 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News