• Tuesday, 25 August 2026
Logo Logo
Advertisement
जालंधर में सफाई सेवकों की हड़ताल खत्म, शहरवासियों को मिली राहत

25 Aug 2026 | 12 Views

जालंधर में सफाई सेवकों की हड़ताल खत्म, शहरवासियों को मिली राहत

जालंधर में सफाई सेवकों की हड़ताल खत्म, शहरवासियों को मिली राहत

जालंधर: शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जालंधर में पिछले कई दिनों से जारी सफाई सेवकों की हड़ताल समाप्त हो गई है। हड़ताल खत्म होने के बाद शहर में दोबारा सफाई कार्य शुरू हो गया है और सड़कों व मोहल्लों से कूड़ा उठाने का सिलसिला भी शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार मेयर विनीत धीर ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर सफाई सेवकों की मांगों पर चर्चा की। बैठक के बाद सफाई कर्मचारियों को उनकी मांगों के संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया गया, जिसके बाद यूनियन ने हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया।

सोमवार दोपहर बाद सफाई सेवकों ने काम पर लौटते हुए शहर के विभिन्न इलाकों से कूड़ा उठाना शुरू कर दिया। हड़ताल समाप्त होने से नगर निगम प्रशासन ने भी राहत महसूस की है और अब पूरे शहर की सफाई व्यवस्था को जल्द सामान्य बनाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

गौरतलब है कि पिछले 4 से 5 दिनों से जारी हड़ताल के कारण जालंधर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई थी। कूड़ा लिफ्टिंग बंद होने से शहर के कई प्रमुख इलाकों में कूड़े के बड़े-बड़े ढेर जमा हो गए थे। अर्बन स्टेट, आदर्श नगर, मॉडल टाउन, पठानकोट चौक और अन्य क्षेत्रों में गंदगी बढ़ने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

लगातार कई दिनों तक कूड़ा न उठने के कारण विभिन्न इलाकों में बदबू फैल गई थी और लोगों ने स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी जताई थीं। अब हड़ताल समाप्त होने के बाद शहरवासियों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ दिनों में पूरे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर लौट आएगी।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि जमा हुए कूड़े को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा ताकि शहर को जल्द से जल्द साफ-सुथरा बनाया जा सके।

Published on: 25 Aug 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News