जालंधर में भीषण सड़क हादसा, खड़े कैंटर से टकराई तेज रफ्तार कार; 3 युवकों की मौत
जालंधर: शनिवार सुबह जालंधर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मकसूदां क्षेत्र में भगत सिंह कॉलोनी के पास बल अस्पताल के नजदीक हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क पर खड़े एक कैंटर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसकी छत अलग होकर दूर जा गिरी। दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग भी खुल गए, लेकिन इसके बावजूद तीनों युवकों की जान नहीं बच सकी।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट कार जालंधर से अमृतसर की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि वाहन काफी तेज गति में था। इसी दौरान हाईवे पर खड़े कैंटर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कार सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दो युवकों के शव कार की अगली सीटों में बुरी तरह फंसे हुए मिले, जबकि तीसरा युवक पीछे की सीट पर बैठा था और टक्कर के बाद उसका शव सड़क पर जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी।
मामले की जानकारी देते हुए एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैंटर हाईवे पर खड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि कैंटर चालक रास्ता भटक गया था या फिर नशे की हालत में वाहन को सड़क पर छोड़कर चला गया। हादसे के बाद से चालक फरार बताया जा रहा है।
पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों तक पहुंचने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतकों का संबंध लम्मे पिंड और रंधावा क्षेत्र से हो सकता है। पुलिस इस संबंध में पुष्टि करने में जुटी हुई है।
वहीं, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस कैंटर के नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि वाहन हाईवे पर किस परिस्थिति में खड़ा किया गया था।