जालंधर में दिनदहाड़े महिला से लूट, सोने के टॉप्स छीनकर भागे बदमाश; 100 मीटर तक कार से घसीटा
बाबा के भेष में आए तीन आरोपियों ने वारदात को दिया अंजाम, सीसीटीवी फुटेज आई सामने
जालंधर में दिनदहाड़े एक महिला के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोपियों ने महिला को अपनी बातों में उलझाकर उसके कानों से सोने के टॉप्स छीन लिए। विरोध करने पर बदमाश महिला को करीब 100 मीटर तक कार के साथ घसीटते हुए ले गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर गुलाब देवी अस्पताल रोड स्थित रोज पार्क गुरुद्वारा साहिब के पास हुई। उस समय दो महिलाएं सड़क किनारे सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान लाल रंग की एक कार (नंबर पीबी10सीटी8816) में सवार होकर बाबा के भेष में आए तीन युवक वहां पहुंचे और महिलाओं से एक पते के बारे में पूछताछ करने लगे।
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान आरोपी महिला के गहनों पर नजर रखने लगे। तभी ड्राइवर के साथ वाली सीट पर बैठे युवक ने अचानक महिला के कानों से सोने के टॉप्स खींच लिए। इसके बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार होने लगे।
महिला ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की और कार से लटक गई, लेकिन आरोपी वाहन नहीं रोके। कार सवार बदमाश महिला को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गए। इसके बाद महिला सड़क पर गिर गई, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें महिला को कार के साथ घसीटते हुए देखा जा सकता है।
घायल महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। जालंधर के थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।