7 दिन में बकाया न चुकाने वालों पर एफआईआर और प्रॉपर्टी जब्ती की तैयारी
जालंधर, 8 मई 2026:
Jalandhar Municipal Corporation अब अवैध कॉलोनियां काटने वाले कॉलोनाइजर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। शहर में करीब 100 ऐसे कॉलोनाइजर्स हैं, जिन्होंने अपनी कॉलोनियां रेगुलर तो करवा लीं, लेकिन अब तक पूरा भुगतान नहीं किया है।
जानकारी के मुताबिक वर्ष 2013 में उस समय की सरकार द्वारा अवैध कॉलोनियों को नियमित करने के लिए एक पॉलिसी लागू की गई थी। इस पॉलिसी के तहत Jalandhar में 111 कॉलोनियों को नियमित किया गया था। उस दौरान कॉलोनाइजर्स ने केवल 10 से 20 प्रतिशत तक राशि जमा करवाई थी, जबकि कई मामलों में इससे भी कम भुगतान किया गया।
हैरानी की बात यह है कि पॉलिसी समाप्त हुए करीब 13 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन नगर निगम द्वारा शेष बकाया राशि की वसूली के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। अब यह बकाया रकम बढ़कर लगभग 24 से 25 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
मेयर का पद संभालने के बाद जब निगम की आय की समीक्षा की गई तो यह मामला सामने आया। इसके बाद मेयर ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी डिफॉल्टर कॉलोनाइजर्स से तुरंत बकाया राशि वसूली जाए।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जिन कॉलोनाइजर्स ने सात दिनों के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करवाई, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। इसके साथ ही प्रशासनिक और तहसील अधिकारियों की सहायता से उनकी संपत्तियां जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
इसके अलावा मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन कॉलोनाइजर्स पर बकाया है, उनकी नई कॉलोनियों को मंजूरी न दी जाए और उनसे संबंधित सभी फाइलें रोक दी जाएं।
Jalandhar Municipal Corporation अब पुलिस और प्रशासन के सहयोग से इन डिफॉल्टर कॉलोनाइजर्स पर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। आने वाले दिनों में कई कॉलोनाइजर्स के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। अब यह देखना होगा कि निगम अधिकारी इस मामले में कितनी तेजी दिखाते हैं और कॉलोनाइजर्स बकाया राशि जमा करवाते हैं या नहीं।