जात-पात में विश्वास नहीं रखती कांग्रेस, राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर रद्द हो: रंधावा
जालंधर। देशभगत यादगार हॉल में आयोजित रोष प्रदर्शन के दौरान पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने जात-पात और सामाजिक भेदभाव के मुद्दे पर भाजपा और अन्य संगठनों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने अपनी बात की शुरुआत अकाल उस्तत की पंक्ति ‘मानस की जात सबै एकै पहिचानबो’ से करते हुए कहा कि पंजाब के लोग जात-पात में विश्वास नहीं रखते और सभी धर्मों व वर्गों का सम्मान करते हैं।
रंधावा ने कहा कि पंजाब की संस्कृति भाईचारे और समानता की रही है, जहां सभी लोग एक संगत और एक पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भी समानता और सामाजिक सौहार्द की विचारधारा पर चलती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हों या पंजाब में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सभी एक परिवार की तरह हैं और कांग्रेस किसी भी प्रकार के जातीय भेदभाव का समर्थन नहीं करती।
उन्होंने हल्दवानी में मंच के कथित शुद्धिकरण की घटना की निंदा करते हुए कहा कि ऐसा करने वाले लोगों और उनका समर्थन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। रंधावा ने कहा कि देश को बांटने वाली मानसिकता को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
सांसद रंधावा ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को भी अनुचित बताते हुए उसे तत्काल रद्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण जैसी घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर एफआईआर दर्ज करना पूरी तरह गलत है और इससे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन होता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक एकता, भाईचारे और संविधान में दिए गए समानता के सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध है तथा समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की किसी भी कोशिश का विरोध करती रहेगी।