खन्ना के पास चलती स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 80 यात्रियों की जान बची
खन्ना (पंजाब), 22 जून। पंजाब के खन्ना के निकट लुधियाना-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। बस में करीब 80 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। चालक और परिचालक की सूझबूझ के चलते सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस जालंधर से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की ओर जा रही थी। खन्ना के समीप बिजा गांव के पास पहुंचते ही बस से धुआं निकलना शुरू हो गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया, जबकि परिचालक ने यात्रियों को तेजी से बाहर निकालना शुरू कर दिया।
अचानक लगी आग के कारण बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्री जान बचाने के लिए जल्दबाजी में बस से नीचे उतरे। इस दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि कुछ यात्री हल्के रूप से झुलस गए। उन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि अधिकांश यात्री अपना सामान तक नहीं निकाल सके। परिणामस्वरूप उनका सामान बस के साथ जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। खन्ना की एसडीएम स्वाति तिवाना ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं तथा प्रशासन द्वारा उनकी सहायता के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। दमकल विभाग के कर्मचारी किरणवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दो फायर टेंडरों को मौके पर भेजा गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यात्रियों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।