पंजाब डेस्क : पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ी एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। मशहूर गायक मनकीरत औलख को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। जानकारी के मुताबिक, बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर लक्की पटियाल की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
बताया जा रहा है कि इस वायरल ऑडियो में गैंगस्टर खुले तौर पर मनकीरत औलख को अपना अगला निशाना बनाने की बात कह रहा है। ऑडियो में वह यह भी दावा करता सुनाई दे रहा है कि चंडीगढ़ सेक्टर-9 में हुए हालिया कत्ल के बाद कुछ लोगों में खलबली मची हुई है और अब अगला टारगेट गायक हो सकते हैं।
गैंगस्टर ने धमकी भरे लहजे में यह भी कहा कि सुरक्षा बढ़ाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा और गायक जितने चाहे गनमैन रख लें, अब उसका नंबर आ चुका है। साथ ही उसने यह भी कहा कि गायक मोहाली में बैठता है और विदेश में होने की स्टोरी डालता रहता है।
गौरतलब है कि बुधवार (18 मार्च) को चंडीगढ़ सेक्टर-9 में एक प्रॉपर्टी डीलर की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उसे करीब 12 गोलियां मारी थीं। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी भी लक्की पटियाल ने सोशल मीडिया के जरिए ली थी। उसने आरोप लगाया था कि मृतक उनके विरोधियों को जानकारी मुहैया करवा रहा था और उसे पहले चेतावनी भी दी गई थी।
फिलहाल, पूरे मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी दो बार मनकीरत औलख को जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं।