## पंजाब में ED की बड़ी कार्रवाई: मोहाली के नयागांव तहसील कॉम्प्लेक्स में दबिश, प्रॉपर्टी डीलरों से भी पूछताछ
पंजाब में ईडी (ED) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी के तहत अब मोहाली के नयागांव में माजरी गांव स्थित तहसील कॉम्प्लेक्स में ईडी ने दबिश दी है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम तहसील कॉम्प्लेक्स में मौजूद रहकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले ईडी ने मोहाली के GMADA के एक टाउन प्लानर को पूछताछ के लिए जालंधर बुलाया था। लंबी पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सूत्रों का कहना है कि उसी टाउन प्लानर से मिली अहम जानकारी और दस्तावेजों के आधार पर अब नयागांव के तहसील कॉम्प्लेक्स में यह कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि ईडी ने इस दौरान कुछ प्रॉपर्टी डीलरों को भी जांच के दायरे में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, ईडी अधिकारियों ने तहसील दफ्तर से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों में भारी हलचल देखने को मिली।
जानकारी के मुताबिक यह पूरी कार्रवाई हाल ही में मोहाली में हुई बड़ी ईडी रेड से जुड़ी मानी जा रही है। उस मामले ने पूरे पंजाब में सनसनी फैला दी थी, जब एक बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से कथित तौर पर पैसों से भरे बैग नीचे फेंके जाने की घटना सामने आई थी। इसके बाद से ही ईडी लगातार मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने मोहाली जिले के ब्लॉक माजरी (न्यू चंडीगढ़) के साथ-साथ लुधियाना के सब-रजिस्ट्रार दफ्तरों में भी छापेमारी की है। यह कार्रवाई कथित बेनामी जमीन सौदों और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की जा रही है।