पंजाब सरकार हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं देने के लिए वचनबद्ध: सांसद मलविंदर सिंह कंग
बलाचौर/शहीद भगत सिंह नगर, 4 मई
पंजाब सरकार राज्य के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छ पेयजल, सड़कें, गलियां-नालियां और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह बात लोकसभा क्षेत्र श्री आनंदपुर साहिब से सांसद मलविंदर सिंह कंग ने बलाचौर हलके में विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन के दौरान कही।
सांसद कंग ने बताया कि एम.पी. लैड फंड के तहत 23.50 लाख रुपये की लागत से कई गांवों में विकास कार्य पूरे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गांव जगतेवाल में कम्युनिटी हॉल के लिए 2.50 लाख रुपये और गांव जलालपुर में एस.सी. धर्मशाला के लिए 5 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
इसके अलावा, हेदों बेट और खंदूपुर में 6 लाख रुपये की लागत से वाटर टैंकर उपलब्ध करवाए गए हैं, जबकि गांव पोजेवाल और टकरला में 10 लाख रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर बनाए गए हैं।
सांसद ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांवों को शहरों जैसी सुविधाएं देना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि ओपन जिम और खेल मैदान बनने से युवा नशों से दूर रहेंगे और खेलों की ओर आकर्षित होंगे, जबकि कम्युनिटी हॉल सामाजिक कार्यक्रमों के लिए उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने ग्राम पंचायतों से सरकारी फंड का सही उपयोग करने और विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने की अपील भी की।
इस अवसर पर बलाचौर की विधायक संतोष कटारिया ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में क्षेत्र के हर गांव तक विकास पहुंचाया गया है, जिसमें स्कूलों का कायाकल्प, आम आदमी क्लीनिकों की स्थापना और लिंक सड़कों का निर्माण शामिल है।
कार्यक्रम में बीडीपीओ, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सरपंच, पंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।