राम मंदिर चंदा और पंजाब के मुद्दों पर भाजपा जवाब दे: आप
चंडीगढ़, 17 जुलाई। आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने राज्य के महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब देने के बजाय लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया। पार्टी ने राम मंदिर चंदा, मुंद्रा पोर्ट पर नशीले पदार्थों की बरामदगी और पंजाब के बकाया फंड जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा।
'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि "श्री राम मंदिर के लिए जुटाए गए चंदे की चोरी करने वालों का सबसे बड़ा नेता आज पंजाब में ईमानदारी का भाषण देने आया था।" पार्टी ने मांग की कि प्रधानमंत्री राम मंदिर चंदे से जुड़े आरोपों और अन्य मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें।
पार्टी ने कहा कि पंजाब में नशे पर सवाल उठाने से पहले भाजपा को गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह से बार-बार पकड़ी गई नशीले पदार्थों की खेप पर जवाब देना चाहिए। आप नेताओं का आरोप है कि इस मामले पर केंद्र सरकार जवाब देने से बच रही है।
आप पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा कि भाजपा की तथाकथित "डबल इंजन सरकार" के दौरान ही पंजाब में नशे और गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा मिला। उन्होंने दावा किया कि 2014 से 2017 के बीच राज्य की स्थिति सबसे अधिक खराब हुई और भाजपा अब अपने रिकॉर्ड से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।
पन्नू ने केंद्र सरकार पर पंजाब के वित्तीय अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि करीब 50,000 करोड़ रुपये के बकाया, बाढ़ राहत फंड और ग्रामीण विकास फंड (आरडीएफ) की राशि अभी भी जारी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब की आर्थिक स्थिति पर टिप्पणी करने से पहले केंद्र को राज्य का बकाया जारी करना चाहिए।
पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री चुनावी राज्यों में जाकर भ्रामक जानकारी देते हैं, लेकिन पंजाब के लोग तथ्यों को जानते हैं और ऐसे दावों से गुमराह नहीं होंगे।