संगरूर में नशा तस्कर की आत्महत्या की कोशिश, मंत्री अमन अरोड़ा ने विपक्ष पर लगाया राजनीति करने का आरोप
संगरूर (पंजाब): जिले के नमोळ गांव निवासी जग्गा सिंह (जगसीर सिंह) ने रविवार को जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की। वे कथित रूप से गांव में नशे की बिक्री का वीडियो सोशल मीडिया पर डालने के बाद सरपंच और उनके सहयोगियों द्वारा प्रताड़ना और धमकियों का आरोप लगा रहे थे। उन्हें इलाज के लिए पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने प्रतिक्रिया देते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष नशा तस्कर जग्गा सिंह के पक्ष में ट्वीट करके राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रहा है। अरोड़ा के अनुसार जग्गा सिंह पर रेप समेत नशा तस्करी से जुड़े कुल 9 मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि जग्गा सिंह के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस और एक्साइज के मामले शामिल हैं। विपक्षी दल इस घटना को सरकार की नाकामी बताकर हमला बोल रहे हैं, जबकि मंत्री अरोड़ा इसे सरकार को बदनाम करने की साजिश करार दे रहे हैं