स्कूलों और अस्पतालों के आसपास अनावश्यक हॉर्न न बजाएं: जालंधर पुलिस कमिश्नर
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह की शहरवासियों से अपील, कहा- ध्वनि प्रदूषण से विद्यार्थियों और मरीजों पर पड़ता है सीधा असर
जालंधर। पुलिस कमिश्नरेट जालंधर ने शहरवासियों से स्कूलों और अस्पतालों के आसपास अनावश्यक रूप से हॉर्न न बजाने की अपील की है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि बिना जरूरत हॉर्न बजाने से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों, मरीजों, बुजुर्गों और अस्पतालों में उपचाराधीन लोगों पर पड़ता है।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि स्कूलों में विद्यार्थी पढ़ाई और परीक्षाओं की तैयारी में व्यस्त रहते हैं, जबकि अस्पतालों में मरीजों को शांत और सुरक्षित वातावरण की आवश्यकता होती है। ऐसे में इन संवेदनशील क्षेत्रों में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए और अनावश्यक हॉर्न बजाने से पूरी तरह परहेज करना चाहिए।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि स्कूल जोन और अस्पतालों के आसपास धैर्य बनाए रखें, यातायात नियमों का पालन करें और दूसरे लोगों की सुविधा एवं स्वास्थ्य का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि सड़क पर जिम्मेदारी से वाहन चलाना केवल यातायात नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय देना भी है।
शांत और सुरक्षित जालंधर बनाने में सहयोग करें
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि जालंधर को शांत, सुरक्षित और संवेदनशील शहर बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने लोगों से विशेष अपील की कि जहां हॉर्न बजाने की आवश्यकता न हो, वहां हॉर्न न बजाएं और स्कूलों तथा अस्पतालों के आसपास शांत वातावरण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी जिम्मेदारियों का पालन करके न केवल ध्वनि प्रदूषण को कम किया जा सकता है, बल्कि विद्यार्थियों और मरीजों के लिए बेहतर एवं शांत वातावरण भी सुनिश्चित किया जा सकता है।