स्वतंत्रता दिवस से पहले जालंधर में सुरक्षा कड़ी, महिला पुलिस संभाल रही मोर्चा
जालंधर: स्वतंत्रता दिवस समारोहों को लेकर जालंधर पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया है। इस बार सुरक्षा प्रबंधों में महिला पुलिस कर्मियों की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण नजर आ रही है। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है, जो पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।
पुलिस कमिश्नर सतिन्द्र सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर में विशेष नाकाबंदी की गई है। विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सुरक्षा नाकों पर महिला पुलिस कर्मी पुरुष पुलिस बल के साथ मिलकर वाहनों की गहन जांच कर रही हैं। महिलाओं की तलाशी, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ तथा सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में महिला पुलिस की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
उन्होंने कहा कि महिला पुलिस बल का मनोबल काफी ऊंचा है और सभी कर्मी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी निभा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए महिला पुलिस कर्मियों को संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात किया गया है।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। महिला पुलिस कर्मी बाजारों, शॉपिंग मॉल, धार्मिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त कर रही हैं ताकि लोगों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।
इसके अलावा विभिन्न सुरक्षा नाकों पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच के साथ-साथ लोगों के पहचान पत्रों की भी जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सकें।