दिल्ली कूच स्थगित: हरियाणा सरकार से सहमति के बाद किसानों ने वापस लिया मार्च
अमेरिका-भारत ट्रेड डील के विरोध में चल रहा आंदोलन फिलहाल टला, केंद्रीय कृषि मंत्री से जल्द होगी वार्ता
चंडीगढ़: अमेरिका-भारत ट्रेड डील के विरोध में पंजाब के किसानों द्वारा किया जा रहा दिल्ली कूच फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव दिलबाग सिंह दिराजके ने बताया कि हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ हुई बैठक में किसानों की दो प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है। इसके बाद किसानों ने अपना प्रस्तावित मार्च रोकने का फैसला लिया।
दिलबाग सिंह दिराजके ने कहा कि आगामी 8 से 10 दिनों के भीतर किसानों और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बीच बातचीत की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। इस बैठक में अमेरिका-भारत ट्रेड डील से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। सरकार की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद किसान संगठनों ने फिलहाल आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, निर्णय के बाद किसान शंभू बॉर्डर से वापस लौटने लगे हैं। वहीं कुरुक्षेत्र पुलिस ने किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी को भी रिहा कर दिया है। किसान मजदूर मोर्चा के संयोजक सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि हरियाणा के कृषि मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए अन्य किसान नेताओं को भी जल्द रिहा कर दिया जाएगा।
इससे पहले सुबह बड़ी संख्या में किसान दिल्ली कूच के लिए पटियाला-अंबाला मार्ग पर स्थित शंभू बॉर्डर तथा संगरूर-जींद मार्ग पर स्थित खनौरी बॉर्डर पर पहुंच गए थे। किसानों की तैयारी को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने दोनों सीमाओं पर कड़ी बैरिकेडिंग कर उन्हें सील कर दिया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
किसानों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अंबाला पुलिस ने क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी थी। प्रशासन ने किसानों को बैरिकेडिंग से 100 मीटर दूर रहने की चेतावनी भी जारी की थी। हालांकि सरकार और किसान संगठनों के बीच बनी सहमति के बाद फिलहाल टकराव की स्थिति टल गई है और अब सभी की निगाहें केंद्र सरकार के साथ होने वाली आगामी वार्ता पर टिकी हैं।