जालंधर में हथियार लाइसैंस धारकों के लिए पुलिस कमिश्नर की सख्त हिदायतें, सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन करने पर होगी कार्रवाई
जालंधर। शहर में अमन-कानून की व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने असला लाइसैंस धारकों के लिए जरूरी कानूनी हिदायतें जारी की हैं। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने सभी लाइसैंस धारकों को हथियारों के इस्तेमाल, रखरखाव और उन्हें अपने साथ लेकर चलने के दौरान निर्धारित कानूनी नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि आर्म्स एक्ट, 1959 की धारा 3 के तहत वैध लाइसैंस के बिना किसी भी व्यक्ति को आग्नेयास्त्र या गोला-बारूद अपने पास रखने अथवा साथ लेकर चलने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा हथियार को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाते समय पूरी तरह ढककर रखना जरूरी है।
हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन और हवाई फायरिंग प्रतिबंधित
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का धमकाने वाले अंदाज में प्रदर्शन करना, दिखावा करना और खुलेआम गोली चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। आर्म्स रूल्स के नियम 32(3) के तहत इस प्रकार की गतिविधियां कानूनी नियमों का उल्लंघन हैं। इसके साथ ही कानूनी रूप से हथियार-मुक्त घोषित क्षेत्रों में हथियार लेकर जाने की भी अनुमति नहीं है।
पुलिस मांग सकती है असला लाइसैंस
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि आर्म्स एक्ट की धारा 19 के तहत पुलिस अधिकारी आवश्यकता पड़ने पर किसी भी असला लाइसैंस धारक से उसका लाइसैंस दिखाने की मांग कर सकते हैं। इसलिए सभी लाइसैंस धारकों को अपना लाइसैंस वैध रखने और पुलिस द्वारा मांगे जाने पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि इन कानूनी हिदायतों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मामले की परिस्थितियों के अनुसार आर्म्स एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) और अन्य लागू कानूनों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस कमिश्नरेट ने सभी असला लाइसैंस धारकों से अपील की है कि वे जिम्मेदारी के साथ अपने हथियारों का इस्तेमाल करें और शहर में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।