Skip to content

तेज रफ्तार पिकअप दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसी, हादसे के बाद चालक फरार; कुछ दूरी पर क्वार्टरों में मिली गाड़ी

तेज रफ्तार पिकअप दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसी, हादसे के बाद चालक फरार; कुछ दूरी पर क्वार्टरों में मिली गाड़ी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

तेज रफ्तार पिकअप दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसी, हादसे के बाद चालक फरार; कुछ दूरी पर क्वार्टरों में मिली गाड़ी

जालंधर। इंडस्ट्रियल एरिया में तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर एक दुकान का शटर तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। हादसे के तुरंत बाद चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। कुछ दूरी पर स्थित प्रवासियों के क्वार्टरों के वेहड़े में गाड़ी खड़ी कर चालक खुद फरार हो गया। हैरानी की बात यह रही कि पीड़ित परिवार ने खुद तलाश कर गाड़ी को ढूंढ निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी देते हुए दुकानदार दविंदर पाल सिंह ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया में उनका घर है और घर के बाहर ही उनकी दुकान बनी हुई है। दोपहर करीब डेढ़ बजे जब वह घर से बाहर थे, तभी अचानक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने दुकान के शटर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी शटर तोड़कर दुकान के अंदर जा घुसी।

दविंदर पाल सिंह के अनुसार, हादसे के बाद चालक ने गाड़ी पीछे निकालकर तेज रफ्तार से वहां से भगा ली। जब वह कुछ समय बाद घर लौटे तो उन्होंने गाड़ी की तलाश शुरू की। काफी तलाश के बाद पिकअप कुछ दूरी पर प्रवासियों के क्वार्टरों के वेहड़े में खड़ी मिली। गाड़ी का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो चुका था, जबकि चालक वहां से फरार था।

दुकान के आसपास बच्चे होते तो हो सकता था बड़ा हादसा

दविंदर पाल सिंह ने कहा कि गनीमत रही कि हादसे के समय दुकान के आसपास कोई बच्चा खेल नहीं रहा था और न ही कोई व्यक्ति खड़ा था। यदि उस समय वहां बच्चे या अन्य लोग मौजूद होते तो बड़ा जानी नुकसान हो सकता था।

उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पिकअप गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक की पहचान और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।