जालंधर: पति पर प्रताड़ित करने और दहेज के लिए परेशान करने के आरोप, विवाहिता ने मायके में लगाया फंदा; आरोपी पति गिरफ्तार
जालंधर: प्रेम विवाह के बाद सुखद वैवाहिक जीवन का सपना देखने वाली एक विवाहिता की जिंदगी का दुखद अंत हो गया। सोढल रोड स्थित संत नगर में 22 नवंबर को विवाहिता सुकृति कपूर ने अपने मायके में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर पति नितीश कोहली के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दिए बयानों में मृतका की मां रेनू कपूर पत्नी रमन कपूर निवासी मकान नंबर 11-ए, संत नगर, सोढल रोड ने बताया कि वह जालंधर सिटी के श्री राम चौक (कंपनी बाग) स्थित बड़े डाकघर में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। उनके दो बच्चे हैं, बेटी सुकृति कपूर और बेटा अंकित कपूर।
उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सुकृति रेलवे अकाउंट ब्रांच, जालंधर में क्लर्क के पद पर नौकरी करती थी। उसकी शादी चंदन नगर निवासी प्रदीप कोहली के बेटे नितीश कोहली के साथ हुई थी, जो निजी काम करता है।
सोने के गहने बेचने और वेतन लेने के आरोप
रेनू कपूर के अनुसार, उनकी बेटी ने बताया था कि करीब तीन साल पहले उसके पति ने बिना उसकी जानकारी और सहमति के उसके सोने के गहने बेच दिए थे। इसके अलावा, वह बेटी का पूरा वेतन भी अपने पास ले लेता था और उसे लगातार परेशान करता था।
परिजनों का आरोप है कि बेटी की परेशानी के बावजूद उन्होंने पारिवारिक मामला समझकर शुरुआत में हस्तक्षेप नहीं किया। बाद में बेटी के कहने पर उन्होंने नितीश के बैंक खाते में ऑनलाइन 2 लाख रुपये और फिर 3 लाख रुपये नकद दिए।
विदेश भेजने के नाम पर भी पैसे लेने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, नवंबर 2025 में जब वह अपने दामाद के घर गई थीं तो नितीश ने विदेश जाने के लिए उनसे 50 हजार रुपये नकद लिए। इसके अलावा, आदर्श नगर के पास स्थित विदेश भेजने वाली कंपनी के खाते में भी 50 हजार रुपये जमा करवाए गए।
रेनू कपूर ने बताया कि मई महीने में विदेश से लौटने के बाद नितीश ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कही। जब उनकी बेटी को उसके विदेश जाने को लेकर शक हुआ तो उसने बताया कि कंपनी ने उसका पासपोर्ट अपने पास रख लिया है। हालांकि, बेटी द्वारा संबंधित कंपनी से जानकारी लेने पर पता चला कि उसका पति विदेश गया ही नहीं था। इसके बाद पति द्वारा उसे परेशान किए जाने का आरोप है, जिसके चलते सुकृति अपने मायके में रहने लगी थी।
22 नवंबर को घर पहुंचने पर मिला बेटी का शव
रेनू कपूर के मुताबिक, 22 नवंबर को वह अपने बेटे अंकित के साथ किसी काम से घर से बाहर गई हुई थीं। दोपहर करीब 1:30 बजे जब वे घर वापस लौटे तो उन्होंने सुकृति को कमरे में पंखे से चुनरी के सहारे लटका हुआ पाया।
परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर उपचार के लिए कपूरथला के टैगोर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की मां ने अपनी बेटी की मौत के लिए उसके पति नितीश कोहली को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
मामले के जांच अधिकारी ए.एस.आई. बलविंदर सिंह लुभाना ने बताया कि पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी नितीश कोहली के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।