अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में जल्द शुरू होंगी सुपर स्पेशलिटी सेवाएं, किडनी ट्रांसप्लांट समेत गंभीर बीमारियों का होगा इलाज
विशेषज्ञ डॉक्टरों की अस्थाई तैनाती की योजना अंतिम चरण में, एक माह के भीतर मरीजों को मिल सकती है अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं।
अमृतसर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज के अधीन चल रहे गुरु नानक देव अस्पताल में जल्द ही सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। अस्पताल प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की अस्थाई तैनाती की योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यदि सब कुछ तय समय के अनुसार हुआ तो अगले एक माह के भीतर मरीजों को इन उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
इन सेवाओं के शुरू होने से अमृतसर के अलावा तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट और पंजाब के अन्य जिलों से आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही हिमाचल प्रदेश सहित पड़ोसी राज्यों के मरीज भी यहां बेहतर इलाज प्राप्त कर सकेंगे। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम हो सकती है।
अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट, दिल की बीमारियों का इलाज, यूरोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, कैंसर सर्जरी और पेट की जटिल सर्जरी जैसी सुपर स्पेशलिटी सेवाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना और अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत पात्र मरीजों को नियमानुसार उपचार और ऑपरेशन की सुविधा दी जाएगी।
सरकारी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसीपल-डायरेक्टर डॉ. राजीव देवगन ने बताया कि सुपर स्पेशलिटी सेवाएं शुरू करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती संबंधी योजना अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं के शुरू होने से मरीजों को एक ही छत के नीचे गंभीर बीमारियों का विशेषज्ञ इलाज उपलब्ध हो सकेगा तथा अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाएं और अधिक मजबूत होंगी।